मथुरा के महावन थाना क्षेत्र में शनिवार को मोबाइल सेंटर में काम करने वाले युवक से मारपीट कर बाइक और मोबाइल फोन लूटने वाले बदमाशों की मंगलवार तड़के स्वाट और पुलिस से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में चारों बदमाश घायल हो गए। एसपी देहात त्रिगुण बिसेन ने बताया कि 15 फरवरी की रात को नगला लोका निवासी राजकुमार को खानपुर चौराहे पर नकाबपोश बदमाशों ने रोका। लाठी-डंडों से उसके ऊपर हमला किया और बाइक व मोबाइल फोन लूटकर ले गए। युवक ने किसी तरह परिजन को जानकारी दी तो वह ग्रामीणों के साथ पहुंच गए। पुलिस भी जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची। बदमाशों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार देर रात स्वाट टीम प्रभारी अभय कुमार शर्मा को सूचना मिली कि महावन-बल्देव मार्ग से चिंताहरण मंदिर जाने वाले रास्ते पर बन रही कालोनी में कुछ संदिग्ध युवक घूम रहे हैं। स्वाट टीम प्रभारी ने तत्काल इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। उच्चाधिकारियों ने सीओ महावन धर्मेंद्र सिंह चौहान को बदमाशों की गिरफ्तारी के आदेश दिए। सीओ महावन के नेतृत्व में स्वाट, सर्विलांस और महावन थाना प्रभारी निरीक्षक डेजी पवार मौके पर पहुंचीं।