मथुरा के कोसीकलां में श्री रतिराम सरपंच जी की स्मृति में 39वें अंतरराज्यीय कोसी आमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया। इसमें दूसरे सेमीफाइनल मैच में पलवल ने अलीगढ़ को सात विकेट से हराकर फाइनल में स्थान पक्का किया। फाइनल मैच रविवार को गुरुग्राम और पलवल के बीच खेला गया। हिंदू इंटर कॉलेज के मैदान पर शनिवार को आयोजित मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुलवीर सिंह (मिक्की भाई), गजेंद्र चौधरी एवं विशेष रूप से आमंत्रित अतिथि नगर पालिका चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल ने टॉस उछाल एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके किया। अलीगढ़ की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। इसमें बल्लेबाज अंकुर चौधरी ने दूसरे ओवर में 24 रन बटोर कर अपने इरादे जता दिए, परंतु पलवल के गेंदबाजों ने पलटवार करते हुए लगातार अंतराल पर विकेट चटका कर 19वें ओवर में पूरी टीम को 102 रन पर रोक दिया। माधव वशिष्ठ ने 28, अंकुर चौधरी ने 27, यश नागर ने 13 रन बनाए। सूरज कुंडू ने 3, परमवीर सोलंकी 2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पलवल टीम 41 रन पर 3 विकेट खोने के बाद थोड़ा लड़खड़ाई। मोईन खान और सुंदर ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर अपनी टीम को 12.3 ओवर में 7 विकेट से जीता कर फाइनल में प्रवेश करा दिया। चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल ने मैन ऑफ दि मैच सुंदर को दिया। अंपायरिंग अप्पू खान और अनिल सागर ने की। स्कोरिंग मयंक प्रताप और कमेंट्री देवकी नंदन पांडेय ने की।