महावन (मथुरा)। ग्राम किशनपुर में रामलीला महोत्सव के अंतिम दिन रावण दहन के अवसर पर भव्य मेले का आयोजन किया गया। समाजसेवी एवं व्यवसायी प्रवीण पराशर ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। मुख्य अतिथि प्रवीण पराशर ने रामलीला कमेटी को आयोजन के लिए 31 हजार रुपये की धनराशि दानस्वरूप भेंट की। उन्होंने कहा कि रामलीला जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन भारतीय परंपराओं को जीवंत रखने के साथ समाज में आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं से ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और गांव की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की अपील की। कार्यक्रम में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष दिनेश पराशर, उपाध्यक्ष राधेश्याम पराशर, कोषाध्यक्ष महेश पराशर, प्रबंधक नंदकिशोर पराशर, आचार्य जितेंद्र पराशर, भिक्की लाल शर्मा, हरिमोहन पराशर और प्रवीण जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। मंच संचालन हीरालाल पराशर ने किया। आयोजन को सफल बनाने में कमेटी के पदाधिकारियों, सदस्यों और ग्रामीणों का सहयोग रहा।