बाल सफेद होना और गंजेपन की शिकायत युवाओं में तेजी से बढ़ रही है। जिला अस्पताल में रोजाना चार से पांच मरीज उपचार के लिए आ रहे हैं। चिकित्सक उनका उपचार तो कर रहे हैं, साथ ही बीमारी से छुटकारे का उपाय भी बता रहे हैं। जिला अस्पताल की त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवानी शर्मा ने बताया कि युवा अवस्था में तेजी से बाल झड़ने के पीछे कई कारण हैं। युवाओं की अनियमित दिनचर्या, प्रदूषण और टेंशन में रहने की प्रवृत्ति इसका सबसे बड़ा कारण है। इसके साथ ही खून की कमी के कारण भी बाल सफेद और झड़ने की समस्या होती है। कुछ लोगों को माता पिता के कारण आनुवंशिक रूप में यह बीमारी होती है। यदि सही समय पर इलाज और देखभाल की जाए तो बाल सफेद होने और झड़ने की समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है।