अक्षय नवमी पर पुण्य प्राप्ति की भावना के साथ मथुरा में पंचकोसीय मार्ग पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। हाथों में हाथ डाले सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मानव शृंखला बनाकर ब्रज की पावन धरा को राधे-राधे, श्याम मिला दे के जयकारों से गुंजायमान कर दिया। देर रात तक श्रद्धालु परिक्रमा लगाते रहे। श्रद्धालु टोलियों में मथुरा और तीन वन की परिक्रमा लगा रहे थे। जिसमें दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश, हरियाणा आदि के श्रद्धालुओं ने भी परिक्रमा लगाई। कुछ श्रद्धालुओं ने सप्तकोसीय परिक्रमा भी लगाई।