यूपी के मथुरा स्थित बरसाना थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक-युवती ने परिजनों के खिलाफ जाकर शादी की। युवती के परिजन ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी और थाना हाईवे स्थित एक होटल में दबंगों की मदद से पंचायत में 15 लाख रुपये भी ले लिए। कोर्ट में युवती ने पति के साथ जाने की बात कही। इसके बाद वह अपने ससुराल पहुंची और दबंगों से नकदी मांगी तो उन्होंने गाली गलौज कर पिटाई की और गांव से भगा दिया। पीड़ित दंपत्ती ने मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे यहां दबंगों के खिलाफ कार्यवाही करने और सुरक्षा प्रदान करने को प्रार्थना पत्र दिया। बरसाना थाना क्षेत्र के गांव पेलखू निवासी ध्रुव पांडेय ने बताया कि 8 नवंबर 2024 को बलदेव के चौथाई पाड़ा निवासी मनीषा पांडेय से प्रेम विवाह किया। उसके विवाद से दोनों के परिजन नाराज थे। मनीषा के परिजन ने उसके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज करा दी। पुलिस ने दोनों को बरामद किया। इसी बीच थाना हाईवे के एक होटल में हुई पंचायत में लड़का पक्ष पर 15 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया और गांव से चले जाने का फरमान सुनाया। पुलिस ने युवती को कोर्ट में पेश किया तो उसने अपने पति के साथ रहने और अपनी मर्जी से जाने की गवाही दी। इस पर कोर्ट ने उसे पति के सुपुर्द कर दिया। दोनों अपने गांव पहुंचे तो यहां परिजन ने उन्हें घर में नहीं घुसने दिया। मनीषा ने परिजन और दबंगों से 15 लाख रुपये वापस मांगे तो उसके पति की बेरहमी से पिटाई की। साथ ही गांव से बेदखल कर दिया। पीड़ित दंपत्ती मंगलवार एसएसपी कार्यालय पहुंचा। यहां उन्होंने एसएसपी से नकदी वापस कराने, दबंगों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। एसएसपी ने पीड़ित के प्रार्थना पत्र की जांच कर स्थानीय पुलिस को कार्यवाही की आदेश दिए हैं।