मथुरा के जिला कारागार में बंदियों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न खेलकूद कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाता है। इसी क्रम में मंगलवार को जेल बैडमिंटन प्रीमियर लीग-2 का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव अनीता सिंह एवं एसीजेएम रेलवे सूर्यभान वर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर तथा बैडमिंटन खेलकर किया। जेल अधीक्षक अंशुमन गर्ग ने बताया कि लीग में 64 बंदी प्रतिभाग कर रहे हैं। इन्हें दो ग्रुप में विभाजित किया गया है। प्रत्येक ग्रुप में 16-16 खिलाड़ी शामिल हैं। प्रतियोगिता के अंत में विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। बंदियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेलकूद से अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने बंदियों को रिहाई के बाद स्वयं में सकारात्मक परिवर्तन लाकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने और समाज के विकास में सहयोग देने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जेलर सुरेंद्र मोहन सिंह, चिकित्साधिकारी डॉ. उपेंद्र पाल सिंह सोलंकी, उप जेलर दुर्गेश प्रताप सिंह, रविंद्र कुमार, हेमराज, फार्मासिस्ट सोहन सारस्वत, कनिष्ठ सहायक सुनील कुमार चौहान आदि मौजूद रहे।