मैनपुरी के दन्नाहार के लोअर गंग नहर पुल के पास तीव्र मोड़ होने के बाद भी लोक निर्माण विभाग ने मोड़ पर न तो डिवाइडर बनाए हैं और न ही मोड़ पर वाहनों की सुरक्षा के लिए संकेतक बोर्ड लगाए हैं। मोड़ के पास आए दिन हादसे का भय रहता है। लोगों का कहना है कि घिरोर से मैनपुरी जाने वाले मार्ग के पुल मोड़ पर कोई संकेतक बोर्ड न लगे होने से वाहन चालकों को सड़क का अंदाजा नहीं मिलता है। वह तेज रफ्तार में सड़क पर एक तरफ से दूसरी सड़क पर आसानी से चले जाते हैं। ऐसे में सामने से आते हुए वाहन से टकराकर किसी भी समय कोई गंभीर हादसा हो सकता है। लोगों का कहना है कि पुल के पास नहर और रजबहा की पटरी पर गांव से आने वाले रास्ते पुल पर आकर मिलते हैं। लेकिन सुरक्षा के हिसाब से कोई रोक नहीं बनाई गई है। गांव की तरफ से आने वाले वाहन अवैध कट पर चढ़कर विपरीत दिशा में चलते हैं। वाहन के आमने-सामने से टकराकर दुर्घटना होने का भय बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर अवैध कटों को बंद किया जाए। सड़क के दोनों तरफ लोहे के एंगल लगाकर ऊंची ग्रिल व डिवाइडर बनवाए जाएं। ताकि किसी भी संभावित हादसे को टाला जा सके।