चरखारी-मुस्करा मार्ग पर कस्बा खरेला में सड़क किनारे सरकारी जमीन पर 30 साल से बनने पक्के मकान को ढहाने के लिए पुलिस प्रशासन का पसीना छूट गया। बुलडोजर के साथ निर्माण ढहाने पहुंचे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने विरोध करने पर एक युवक को पीट दिया। महिलाओं के विरोध के चलते दो घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। हालांकि, बाद में प्रशासन ने अतिक्रमण ढहा दिया। नगर पंचायत खरेला की सीमा पर सड़क किनारे रामेश्वर सिंह व एक अन्य व्यक्ति सरकारी जमीन पर मकान बनाकर 30 वर्षों से रह रहे थे। यह मकान नगर पंचायत में दर्ज है और इसका टैक्स भी लिया गया। वर्ष 2020 में काबिज रामेश्वर सिंह ने बिजली का पॉवर कनेक्शन भी कराया था। जहां वह धुलाई सेंटर चलाता था। बृहस्पतिवार को एसडीएम डॉ. प्रदीप कुमार, तहसीलदार आलोक मिश्रा, थानाध्यक्ष सुषमा चौधरी राजस्व और नगर पंचायत कर्मियों के साथ बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंचे और पक्का निर्माण ढहाने का प्रयास किया।