थाना श्रीनगर के फुटेरा गांव से एक युवक रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। मामा के मोबाइल में युवक ने अपहरण होने का मैसेज भेजा। सूचना मिलने पर पुलिस डेढ़ घंटे तक परेशान रही। बाद में पुलिस ने युवक को बरामद कर लिया। पूछताछ में अपहरण की कहानी झूठी निकली। फुटेरा निवासी गौरीशंकर (28) शनिवार की दोपहर खेत की जुताई कर घर आया। इसके बाद वह लापता हो गया। परिजनों ने खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। बाद में युवक ने अपने मामा ओमप्रकाश निवासी कोहनिया के मोबाइल में मैसेज भेजा। जिसमें अपहरण होने की बात लिखी। रविवार की शाम करीब साढ़े चार बजे पिता रामगोपाल व अन्य परिजन थाने पहुंचे और बेटे का अपहरण होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। थानाध्यक्ष अवधेश कुमार मिश्रा व स्वॉट टीम ने सर्विलांस से लोकेशन ट्रेस की। युवक की लोकेशन कोतवाली कुलपहाड़ के लाड़पुर गांव में मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंच युवक को बरामद कर लिया। पूछताछ में युवक अपहरण की कोई बात नहीं बता सका।