जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में जिले के हिंदू संगठन आंदोलित हो गए हैं। बृहस्पतिवार को वीरांगना लक्ष्मीबाई हिंदू रक्षा समिति के बैनर तले विभिन्न संगठनों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। इस दौरान तहसील पहुंचकर धरना देकर विरोध जताया। बाद में प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपकर आतंकी हमले पर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की। हिंदू रक्षा समिति के जिलाध्यक्ष अंकित राजपूत, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश गुप्ता, सत्येंद्र प्रताप, प्रशांत गुप्ता, संतोष पाराशर, दीपक सैनी, अर्पित, विश्वजीत रावत आदि ने आंबेडकर पार्क पहुंच प्रदर्शन किया। इसके बाद तहसील में धरना देकर विरोध जताया। नायब तहसीलदार विवेक कुमार को सौंपे ज्ञापन में बताया कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है।