तालबेहट स्थित मिनी औद्योगिक आस्थान में मुख्य नाली में पत्थर व मिट्टी डालकर बंद कर दिया है। इससे यह नाली दूर-दूर तक नजर नहीं आ रही है। पुलिया भी क्षतिग्रस्त होने से पानी की निकासी बंद हो गई है। सोमवार की रात से शुरू हुई बारिश मंगलवार को सुबह लगभग ग्यारह बजे तक जा रही। इससे मिनी औद्योगिक आस्थान से पानी की निकासी न होने चलते पानी-पानी ही नजर आ रहा था। आस्थान परिसर में ही नहीं इकाइयों तक में एक फिट तक पानी भर गया। सुबह जब उद्यमी व मजदूर कार्य करने पहुंचे तो जलभराव की हालत देखकर दंग रह गए। इकाइयों में अंदर पहुंचना तक मुश्किल हो गया। उद्यमियों का कहना है कि पानी भर जाने से दीवारों के गिरने का खतरा बना हुआ है। इससे दुर्घटना भी हो सकती है।