जिलाधिकारी की जनसुनवाई में बुधवार को एक अनोखा मामला सामने आया। थाना बानपुर क्षेत्र के एक युवक ने जिलाधिकारी से शादी के लिए लड़की और आत्मरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस दिलाने की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र सौंप दिया। युवक की मांग सुनकर कुछ देर के लिए अधिकारी भी हैरान रह गए। थाना बानपुर के ग्राम म्यांव निवासी युवक हरीसिंह जनसुनवाई में पहुंचा और जिलाधिकारी सत्य प्रकाश को प्रार्थना पत्र देकर शादी कराने में मदद की मांग की। युवक ने बताया कि उसे जानकारी मिली है कि अनाथ आश्रमों में विवाह योग्य युवतियां रहती हैं। ऐसे में उसे विवाह के लिए उपयुक्त लड़की उपलब्ध कराई जाए। युवक ने प्रार्थना पत्र में बताया कि वह खेती-किसानी करता है और उसके पास करीब सात एकड़ कृषि भूमि है। उसका विवाह पहले हो चुका है, लेकिन संतान नहीं होने के कारण पत्नी मायके में रहने लगी है। उसका कहना है कि वह दूसरी शादी करना चाहता है, जिससे दोनों अलग-अलग जीवन व्यतीत कर सकें। हरीसिंह ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से विवाह के लिए प्रयास कर रहा है, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। गांव के लोगों से भी मदद मांगी, लेकिन किसी ने सहयोग नहीं किया। इसी कारण वह अपनी समस्या लेकर जिलाधिकारी के पास पहुंचा है। युवक ने दूसरी मांग के रूप में जान-माल की सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस जारी कराने का अनुरोध भी किया। इस पर जिलाधिकारी ने उसे नियमानुसार प्रक्रिया की जानकारी देने और मामले को देखने का आश्वासन दिया।