संवाद न्यूज एजेंसी ललितपुर/जाखलौन। यूपी-एमपी बॉर्डर पर थाना जाखलौन क्षेत्र के ग्राम धौर्रा में बुधवार दोपहर नारायणी नदी पर बने चेकडैम से गुजरते समय 25 वर्षीय सोनू सहरिया तेज बहाव में फिसलकर नदी में गिर गया। इसके बाद वह पानी के तेज बहाव में बह गया। सूचना पर ग्रामीणों के साथ जाखलौन पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश की गई, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका। बताया गया कि सोनू सहरिया पुत्र हरी सिंह खेत की रखवाली करने गया था। दोपहर में वह खेत से घर लौट रहा था। इसी दौरान नारायणी नदी पर बने चेकडैम से गुजरते समय उसका पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरा। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण वह बह गया। आसपास के खेतों में मौजूद लोगों ने उसे नदी में गिरते देखा तो शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। जाखलौन पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सोनू की तलाश कराई, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सोनू के पिता हरी सिंह ने बताया कि उनका बेटा खेत पर गया था। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजन नदी किनारे बैठकर सोनू के मिलने का इंतजार करते रहे। थानाध्यक्ष रामप्रकाश सिंह ने बताया कि सोनू सहरिया की तलाश के लिए एसडीआरएफ को सूचना दी गई है। पुलिस और ग्रामीणों की ओर से लगातार बचाव अभियान चलाया जा रहा है। नारायणी नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान में परेशानी आ रही है। हाल में नदी में डूबने की घटनाएं 26 अगस्त: थाना पूराकलां क्षेत्र के ग्राम बिरधा निवासी 20 वर्षीय सुखदेव सुकुवां-ढुकवां बांध के पास सेल्फी लेते समय फिसलकर बेतवा नदी में बह गया था। काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। 6 सितंबर: शहर के गोविंद नगर क्षेत्र से गुजरी शहजाद नदी के तेज बहाव में 35 वर्षीय दीपक रैकवार बह गया था। अगले दिन पीएसी के गोताखोरों की टीम ने उसका शव बरामद किया। 9 सितंबर: थाना जाखलौन के ग्राम धौर्रा में नारायणी नदी पर बने चेकडैम से गुजरते समय 25 वर्षीय सोनू सहरिया फिसलकर नदी में गिर गया और तेज बहाव में बह गया।