लखीमपुर खीरी के बांकेगंज क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से बसे अनुसूचित जाति के परिवार की झोपड़ी उजाड़ने का मामला तूल पकड़ गया है। मुख्यमंत्री के संज्ञान में लेने पर गोला तहसील प्रशासन बैकफुट पर आ गया है। मंगलवार को भाजपा विधायक रोमी साहनी और अफसर मौके पर पहुंचे और पीड़ित को आश्वत किया कि उसे उसी जगह बसाया जाएगा। उन्होंने इसके लिए 10 हजार रूपये की आर्थिक मदद भी की। बता दें कि महराजनगर गांव में शनिवार को तहसील प्रशासन ने एक भूमिधरी जमीन पर पिछले कई वर्षों से रह रहे अनुसूचित जाति के ऊदन के घर को बुलडोजर से उजाड़ दिया था। मामला मीडिया की सुर्खियों में आने के बाद मुख्यमंत्री ने इसका संज्ञान लिया और पूरी जानकारी की।