लखीमपुर खीरी के ईसानगर थाना क्षेत्र में पूर्व विधायक बाला प्रसाद अवस्थी के घर चोरी हो गई। चोरों ने बृहस्पतिवार रात वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया गया। पुलिस जांच पड़ताल कर चोरों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है। धौरहरा के पूर्व विधायक बाला प्रसाद अवस्थी का ईसानगर क्षेत्र के बेलतुआ गांव में रहते हैं। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात चोर दीवार फांदकर उनके घर में घुसे थे। उन्होंने नकदी-जेवर समेत काफी सामान चोरी कर लिया। शुक्रवार सुबह परिवार के लोग जागे तो घर में सामान बिखरा पड़ा देखा। तब उन्हें जानकारी हुई। पूर्व विधायक के मुताबिक घर से 10 लाख रुपये की ज्वैलरी और 20 लाख रुपये नकदी चोरी हुई है। चोरों ने कमरे से दो रिवॉल्वर भी उठा लिए थे। बाद में चोरों ने दोनों रिवॉल्वर घर के बाहर फेंक दिए। एक रिवॉल्वर मैदान से बरामद हुआ, दूसरा आंगन में पड़ा मिला। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी प्रीतम पाल सिंह ने चोरी की घटना की गहनता से जांच कर मामले का जल्दी ही खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।