लखीमपुर खीरी में सिखों के 9वें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर साहिब के शहीदी दिवस पर नगर कीर्तन कारसेवा निकाली गई। गुरुद्वारा महंगापुर नानक प्याऊ से मुख्य जत्थेदार संत बाबा गुरनाम सिंह अगुवाई में नगर कीर्तन अरदास के बाद महंगापुर से पलिया, भीरा, बिजुआ, बसतोला मार्ग होते हुए अलीगंज मार्ग हडेला स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर के लिए रवाना की गई। श्री गुरु तेग बहादुर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों ने पुष्प वर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया। बच्चों एवं अन्य लोगों ने सड़क पर झाड़ू लगाकर पानी का छिड़काव किया। नगर कीर्तन यात्रा में पालकी के पीछे पंच प्यारे, ढोल, आतिशबाजी का संगम दिखा। गतका पार्टी ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। जगह-जगह स्टाल लगाकर नगर कीर्तन का स्वागत व जलपान की व्यवस्था कराई गई। नगर कीर्तन में मुख्य रूप से महंगापुर गुरुद्वारा के मुख्य जत्थेदार संत बाबा गुरनाम सिंह , गुरप्रीत सिंह भिंडर, गुरुद्वारा मैनेजर गुरविंदर सिंह, स्कूल प्रबन्धक तीर्थ सिंह, सर्वजीत सिंह, प्रधान गुरमीत सिंह, गुरुद्वारा के कई जत्थेदार , महिला पुरुष संगत मौजूद रही। सुरक्षा के दृष्टिगत पलिया सीओ जितेंद्र सिंह परिहार, संपूर्णानगर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार और पुलिस बल तैनात रहा।