लखीमपुर खीरी के अमीरनगर में मोहम्मदी-लखीमपुर हाईवे स्थित कठिना नदी पुल पर शनिवार सुबह एलपीजी से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि गैस का रिसाव नहीं हुआ। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे में चालक और क्लीनर घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक शनिवार की सुबह करीब पांच बजे एलपीजी का टैंकर मथुरा से नेपाल जा रहा था। रास्ते में जैसे ही टैंकर कठिना नदी के पुल पर पहुंचा मोड़ के दौरान अनियंत्रित होकर टैंकर रोड के किनारे जंगल में पलट गया। गनीमत रही कि टैंकर से गैस का रिसाव नहीं हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने टैंकर की केबिन में फंसे चालक अरविंद कुमार और हेल्पर रामसिंह को बाहर निकाला। दोनों को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए मोहम्मदी सीएचसी भेजा। क्रेन से टैंकर को बाहर निकाला गया है।