लखीमपुर खीरी में रविवार को अंतरराष्ट्रीय वृद्ध जन दिवस के मौके पर कलक्ट्रेट में वरिष्ठ और शतायु मतदाताओं को सम्मानित किया गया। नोडल अधिकारी व डीएम से सम्मान पाकर मतदाताओं के चेहरे पर खुशी देखी गई। नोडल अधिकारी व आयुक्त वाणिज्यकर मिनिष्ती एस ने कहा कि सशक्त लोकतंत्र के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। वरिष्ठ मतदाताओं के बहुमूल्य अनुभवों से अन्य मतदाता विशेषकर युवा जागरूक एवं अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित होंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि वृद्धजनों के मतदान को और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए आयोग प्रयासरत है। जिस समय मतपत्र का प्रयोग करके मतदान किया जाता था उसके पश्चात वर्तमान में आधुनिक मतदान प्रणाली के साक्षी रहने वाले इन वरिष्ठ और शतायु मतदाताओं सम्मानित किया जा रहा है। जनपद के 753 मतदाता जो 100 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके हैं। जो मतदाता तहसील और जनपद के कार्यक्रम में नहीं आ सके उन्हें उनके घर पर ही तहसील के अधिकारियों द्वारा जाकर सम्मानित किया गया।