लखीमपुर खीरी के थाना हैदराबाद क्षेत्र में मंगलवार की रात गांव मूड़ा जवाहर के बाहर बाघ के दहाड़ लगाने पर ग्रामीणों की नींद उड़ गई। गांव के पुरुषों और महिलाओं ने अपने और परिवार के बचाव में मशाल जलाकर गांव में भ्रमण किया। जागते रहो... पुलिया के पार से दहाड़ रहा है की आवाज लगाकर रातभर पहरेदारी की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बाहर सरायन नदी की ओर बाघ कई दिन से चहलकदमी कर रहा है। लोकेशन भी ट्रेस हो चुकी है, लेकिन वन विभाग अभी बाघ को पकड नहीं सका है। करीब एक सप्ताह पूर्व बाघ ने इमलिया गांव निवासी अमरेश कुमार पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया था। इसके बाद से इमलिया, अजान सहित कई गांवों में बाघ की दहशत है।