लखीमपुर शहर में निशुल्क हॉकी प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ी सिद्धार्थ का चयन स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रवेश के लिए हुआ है। शनिवार को गुरुनानक इंटर कॉलेज खेल मैदान में एकेडमी के संघ पदाधिकारियों ने खिलाड़ी सिद्धार्थ को सम्मानित किया और बधाई दी। पिछले एक वर्ष से गुरुनानक स्पोर्ट्स एकेडमी द्वारा बच्चों को निशुल्क हॉकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। एकेडमी की शुरुआत ही इस मकसद से की गई थी कि बच्चों में खेलकूद की भावना भरी जाए। यह काम जिले की पूर्व नेशनल खिलाड़ी तृप्ति अवस्थी ने किया है। उन्होंने बताया कि बच्चों को मोबाइल से निकाल कर मैदान तक लाने की मुहिम चला कर यह काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसी गुरुनानक स्पोर्ट्स एकेडमी का खिलाड़ी सिद्धार्थ तिवारी का चयन स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए हुआ है। चयन के बाद सिद्धार्थ तिवारी के ऊपर होने वाले संपूर्ण खर्च को सरकार वहन करेगी।