लखीमपुर खीरी में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की पांच बटालियनों के बीच आयोजित तीन दिवसीय अंतर-बटालियन खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को तृतीय वाहिनी एसएसबी के खेल मैदान में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन कमांडेंट ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने का संदेश देकर किया। प्रतियोगिता में लखीमपुर, बहराइच और गोरखपुर सेक्टर की टीमों सहित कुल पांच बटालियनों की महिला एवं पुरुष वर्ग की छह-छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में विजेता बनने वाली टीम लखीमपुर सेक्टर का प्रतिनिधित्व करेगी। उद्घाटन मुकाबला तृतीय वाहिनी महिलाओ और 70वीं वाहिनी महिलाओ के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले के पहले राउंड में 70वीं वाहिनी नौ अंकों की बढ़त बनाकर अपनी मजबूत शुरुआत दर्ज की। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजन जवानों में शारीरिक दक्षता, अनुशासन, टीम भावना और आपसी समन्वय को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में कई रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद है।