लखीमपुर खीरी जनपद में शारदा नगर रेंज में नकहा ब्लॉक के चकई गांव के पास से होकर गुजरने वाली शारदा सहायक नहर का जलस्तर अचानक कम हो गया है। इसकी वजह से 12 से अधिक डॉल्फिन की जान खतरे में पड़ गई है। वन विभाग के साथ डब्ल्यूडब्ल्यूएफ, डब्ल्यूटीआई, डब्ल्यूआईआई और स्वयंसेवी संस्था टीएसए ने डॉल्फिन को बचाने की कवायद शुरू कर दी है। शनिवार सुबह नहर की पटरी से गुजर रहे ग्रामीणों ने नहर में डॉल्फिन को बार-बार पानी के बाहर कूदते देखा तो इसकी सूचना वन विभाग को दी। इस पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। सूचना मिलने पर डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के परियोजना अधिकारी दबीर हसन, भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई) विपुल मौर्य, वाइल्ड लाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया (डब्ल्यूटीआई ) श्रुति सिंह, टर्टल सरवाइवल एलायंस (टीएसए) विशेषज्ञ शैलेंद्र सिंह और रेंजर अभय कुमार मल्ल मौके पर पहुंच गए। वन विभाग ने डॉल्फिन की जान बचाने के लिए सिंचाई विभाग से नहर में पानी बढ़ाने का अनुरोध किया है।