लखीमपुर खीरी के हैदराबाद क्षेत्र में शनिवार सुबह गांव देवरिया निवासी किसान के खेत में ग्रामीणों ने गोवंश के अवशेष पड़े देखे। इससे आक्रोश फैल गया। हिंदू युवा वाहिनी के पीयूष जायसवाल आशीष वाजपेई, सोनू मिश्रा, जैनेंद्र मिश्रा आदि कार्यकर्ता व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने जमकर हंगामा किया। चौकीदार की सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी हैदराबाद दीपक तिवारी और सीओ अर्जेंद्र यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। गोवंश के अवशेष मिलने की पुष्टि की। अवशेषों को गड्ढा खुदवाकर दफना दिया गया है। थाना प्रभारी दीपक तिवारी ने बताया कि चौकीदार की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गोवध अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। अवशेषों की जांच पशु चिकित्सक डॉक्टर प्रमोद वर्मा से कराई गई है।