लखीमपुर खीरी में छोटी काशी के नाम से विख्यात गोला गोकर्णनाथ में सावन के पहले सोमवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के से ही हजारों की संख्या में शिवभक्त और कांवड़िये भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और दर्शन-पूजन के लिए मंदिर पहुंचने लगे। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष से गुंजायमान हो गया। श्रद्धालुओं ने दूध, गंगाजल और पवित्र जल से भगवान शिव का अभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और भांग अर्पित किए।