लखीमपुर खीरी में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को देवकली रोड स्थित भाजपा कार्यालय का घेराव किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र होकर भाजपा कार्यालय की ओर बढ़े, जिसकी सूचना पर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। इस दौरान कुछ कांग्रेस पदाधिकारी पुलिस की घेराबंदी से बचते हुए भाजपा कार्यालय तक पहुंच गए और गेट के बाहर कांग्रेस का झंडा फहराया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी को राजनीतिक द्वेष के तहत 11 वर्षों से फर्जी मुकदमे में फंसाया गया है जबकि उस मामले को न्यायालय ने फर्जी बताकर कूड़े में डाल दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। प्रदर्शन के दौरान पूर्व सांसद रवि वर्मा, पार्टी प्रवक्ता रवि तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष दीपक बाजपेई, पंकज दीक्षित सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।