लखीमपुर खीरी के महेवागंज इलाके में चोरी की ताबड़तोड़ घटनाओं से परेशान ग्रामीणों ने अब सुरक्षा की कमान खुद संभाल ली है। वे सामूहिक रूप से पहरा दे रहे हैं। सबसे पहले वे आधार कार्ड देखते हैं, इसके बाद ही गांव में आने देते हैं। रेहुआ सिसवारा के 84 लोगों की निगरानी टीम तैयार की गई है। इसमें हर घर से एक व्यक्ति लाठी डंडे, मोबाइल और टार्च से लैस है। छह टीम बनाई गई हैं। खेत, खलिहान, गली, चौराहे और जंगल में गश्त जारी है। अपरिचित और बाहरी लोगों की पहचान की पुष्टि होने पर ही उन्हें गांव में घुसने दिया जाता है। प्रताप सिंह, नवल, जय प्रकाश, रामप्रवेश, किशोर, रामचंद्र ने बताया कि चोरों से परेशान होकर उन्हें ऐसा कदम उठाना पड़ा।