कासगंज में मिशन अस्पताल के पैरामेडिकल छात्र-छात्राओं ने सोमवार को चार घंटे तक हंगामा किया। उन्होंने अस्पताल के गेट पर प्रदर्शन करते हुए शिक्षक और स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए। सदर तहसीलदार बलवंत उपाध्याय ने मौके पर पहुंचकर छात्रों को समझाकर मामला शांत कराया। छात्र दोपहर करीब 12 बजे अपनी मांगों को लेकर अस्पताल गेट पर जमा हुए। उन्होंने कक्षाओं में पर्याप्त फर्नीचर न होने की शिकायत की। छात्रों ने कहा कि पैरामेडिकल कोर्स की कक्षाएं नियमित रूप से नहीं चल रही हैं। विद्यार्थी योगेश कुमार, पारूल सक्सेना, वर्तिका, शरद और आकाश ने बताया कि प्रथम वर्ष की कोटिंग आठ माह बाद भी नहीं हुई है। यह कोटिंग छह माह पहले ही हो जानी चाहिए थी। इंटर्नशिप और ड्यूटी भी समय पर नहीं मिल रही है और शिक्षक केवल पीपीटी भेज देते हैं। छात्राओं ने एक कर्मी पर अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने का आरोप भी लगाया। पूर्व प्रधानाचार्य अदनान खान की वापसी की सूचना पर भी छात्रों ने जमकर प्रदर्शन किया। संस्थान की निदेशक डॉ. नीना लायल ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया कि यह सिर्फ एक अफवाह है। लेकिन छात्र अपनी समस्याओं का लिखित समाधान चाहते थे। इस दौरान रूप सिंह, भूपेंद्र, सचिन, धर्मेंद्र, लता, सोनम, निखिल कुमार और भूपेंद्र राजपूत आदि माैजूद रहे।