कासगंज में होली पर्व पर श्रीखाटू श्यामजी की भव्य निशान शोभायात्रा रंग-गुलाल उड़ाते हुए निकाली गई। शोभायात्रा के निकलने के साथ ही शहर में रंगोत्सव का माहौल बन गया। लोगों ने जमकर रंग गुलाल उड़ाया। यात्रा का जगह-जगह स्वागत और खाटूश्याम की आरती उतारी गई। गुलाल भरे सिलिंडरों से प्रभुपार्क पर जमकर रंग वर्षा की गई। सोमवार को नगर के रूप कांप्लेक्स से श्रीखाटूश्यामजी की शोभायात्रा शुरू हुई। खाटूश्याम मित्र मंडल एवं श्रीबालाजी दरबार की ओर से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में श्रीखाटू श्याम के मुख्य रथ की जगह-जगह आरती उतारी गई। पुष्प वर्षा की गई एवं भोग अर्पित किए। मुख्य रथ से प्रसाद का वितरण भी किया गया। शोभायात्रा नगर के नदरई गेट बाजार, गांधी मूर्ति, प्रभुपार्क, मालगोदाम चौराहा होती हुई मिशन चौराहे पर मंदिर तक पहुंची। इसमें सैंकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल थे। हर किसी की जुबां पर प्रभु श्याम नाम था। इस दौरान किसी ने केसरिया रंग उड़ाया तो किसी ने पीला और लाने। पूरे वातावरण में गुलाल के रंग नजर आ रहे थे। श्यामभक्त हाथों में झंडियां लिए हारे का सहारा, खाटूश्याम हमारा जैसे जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। इस दौरान प्रदीप सीए, दीपक अग्रवाल, विजय बिंदल, गौरव अग्रवाल, पीयूष सांवरिया, रीतेश जैन, संदीप माहेश्वरी, राहुल वर्मा, अंकुर अग्रवाल, दिलीप वार्ष्णेय, देवेंद्र अग्रवाल, अंकित चोला, अमित अग्रवाल आदि मौजूद रहे।