कासगंज के थाना ढोलना क्षेत्र में मंगलवार रात बरातियों से भरी एक बस बारिश में कच्ची सड़क टूटने के कारण अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे में नौ बराती घायल हो गए। इनमें से पांच को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि चार का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। बुलंदशहर जनपद के कस्बा पहासू निवासी सुमित कश्यप की बरात मंगलवार रात करीब 10:30 बजे कासगंज जनपद के कस्बा बिलराम आई थी। बरात की बस तैयबपुर कमालपुर के सामने तालिमपुर सराय मार्ग से गुजर रही थी। बारिश के कारण कच्ची सड़क क्षतिग्रस्त थी। बस चालक ने वाहन निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान बस फिसलकर खेत में पलट गई। हादसे में निरंजन, रामदास, इंद्रपाल, प्रेमपाल और पिंकी निवासी पहासू जिला बुलंदशहर गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहीं योगेश, महेंद्र, विजेंद्र और श्रीकृष्ण का उपचार जिला अस्पताल कासगंज में चल रहा है। घटना के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। बस स्वामी गुरदयाल सिंह, निवासी जमालपुर (अलीगढ़) बताए गए हैं। प्रभारी निरीक्षक ढोलना जगदीश चंद्र ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।