रील बनाने की होड़ अब मंदिरों की पवित्रता पर भारी पड़ रही है। महाराजपुर थाना क्षेत्र के सरसौल कस्बे में स्थित प्रसिद्ध श्री नंदेश्वर शिव धाम में एक युवक ने परिक्रमा मार्ग पर महिलाओं के बीच नाचते हुए फिल्मी गाने पर वीडियो बना डाला। वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक आती-जाती महिलाओं को छूते हुए और उनके बीच से गुजरते हुए रील बना रहा है। मामला तब बढ़ा जब कुछ महिलाओं ने इसका विरोध किया। महिलाओं का कहना था कि वे पूजा-पाठ और दर्शन के लिए मंदिर आती हैं, न कि किसी की रीलबाजी का हिस्सा बनने। आरोप है कि वीडियो बनाने के चक्कर में युवक ने परिक्रमा मार्ग भी रोक रखा था, जिससे श्रद्धालुओं को दिक्कत हुई। सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस वीडियो के बाद श्रद्धालुओं में आक्रोश है। महिलाओं ने कहा कि अगर मंदिर जैसे पवित्र स्थान भी रील बनाने की जगह बन जाएंगे तो आस्था कहां सुरक्षित रहेगी। लोगों का सवाल है कि महिलाओं के बीच इस तरह वीडियो बनाने की जरूरत ही क्या थी। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मंदिर प्रशासन और पुलिस ऐसे रीलबाजों पर सख्त कार्रवाई करें ताकि धार्मिक स्थलों की मर्यादा बनी रहे। फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जानकारी ले रही है। मामले में महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के संबंध में जानकारी नहीं है जानकारी जुटाई जा रही कार्रवाई की जाएगी।