कानपुर के कर्रही इलाके के युवक भूपेंद्र सिंह ने ऐसा कारनामा किया है जिसे सुनने के बाद हर कोई आश्चर्यचकित है। भूपेंद्र के पास साइबर ठग ने फोन कर उसे ठगने की कोशिश की थी, लेकिन युवक ने बातों का ऐसा चक्रव्यूह रचा कि उल्टा ठग ने उसे दस हजार रुपये दे दिए। ठग अब उसे फोन कर गिड़गिड़ा रहा है कि पैसा लौटा दो। भूपेंद्र प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनके मुताबिक साइबर ठग ने 6 मार्च को उन्हें फोन कर खुद को सीबीआई अफसर बताया। कहा- तुम अश्लील वीडियो देखते हो। तुम्हारे अश्लील वीडियो मेरे पास हैं। यकीन दिलाने के लिए उसने 48 मॉर्फ फोटो और 32 वीडियो वॉट्सऐप पर भेजे और कहा- तुम्हारे खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। बचना हो तो पैसे ट्रांसफर कर दो। इसके बाद वह समझ गया कि कोई फर्जी अधिकारी बनकर उसे ठगने की कोशिश कर रहा है।