विद्युत विभाग ने मंगलवार को मिश्रा कॉलोनी फीडर से जुड़े मिश्रा कॉलोनी श्मशान घाट रोड से झंडा वाला चौराहा के बीच पांच जर्जर एचटी लाइन के पोल हटाकर नए पोल लगाने का कार्य कराया। इसकी वजह से लगभग 3000 घरों की बिजली छह घंटे गुल रही। ऐसे में लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी, पानी का संकट भी गहराया रहा। एसडीओ (विद्युत) राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि मिश्रा कॉलोनी क्षेत्र में काफी समय से जर्जर पोल लगे थे, जिनसे कभी भी कोई हादसा हो सकता था। इसे देखते हुए मंगलवार को उन्हें बदलने का कार्य कराया गया। सुबह 11 से शाम पांच बजे तक कार्य चला। इस दौरान कई पोल में क्लैंप लगाने का कार्य कराने के साथ ही पोल भरान का कार्य भी कराया गया। वहीं मिश्रा कॉलोनी के साथ ही मोहल्ला गोताखोर की बिजली भी प्रभावित रही। करीब 3000 घरों के बिजली छह घंटे तक नहीं आई। इस कारण लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी। घरों व दुकानों में लगे इन्वर्टर जवाब दे गए, जिससे रोजमर्रा का कामकाज बाधित हुआ।