रेल गंगापुल के अपलाइन पर एचबीम चैनल स्लीपर डालने का कार्य शनिवार को 38 वें दिन रेलवे ने खत्म कर दिया। आखिरी दिन 46 चैनल स्लीपर डाले गए। छोटे-छोटे कुछ कार्य बाकी हैं, जिन्हें रविवार को पूरा कर लिया जाएगा। सोमवार 29 अप्रैल से कानपुर-लखनऊ के बीच रेल संचालन पूरी तरह से चालू कर दिया जाएगा। इस रूट की सभी डेढ़ सौ से अधिक ट्रेनें फिर से चलने लगेंगी। यह बात शनिवार को रेल गंगापुल का निरीक्षण करने आए लखनऊ मंडल के डीआरएम एसएम शर्मा ने कही। मालूम हो कि 20 मार्च को 42 दिन का मेगा ब्लॉक लेकर रेल गंगापुल के अपलाइन पर चैनल स्लीपर बदलने का काम शुरू कराया गया था। शुरू के चार दिनों तक 12-12 घंटे कार्य किया गया। इसके बाद रोजाना आठ-आठ घंटे का ब्लॉक लेकर अब तक कार्य किया गया। शनिवार को 38 दिन बीत चुके हैं। रेल गंगापुल के शुक्लागंज छोर से रेलवे स्टेशन के पास रेल गंगापुल पर पड़ने वाली रेलवे क्रॉसिंग तक चैनल स्लीपर डालने का कार्य खत्म हो गया है।