सेंट्रल स्टेशन के एसी पेड वेटिंग हॉल के कर्मचारी ने ईमानदारी की मिसाल पेश की। हाॅल में छूटा महिला का पर्स उसने जीआरपी के सुपुर्द कर दिया। पर्स में नकदी, जेवर समेत अन्य सामान था। जीआरपी ने मोबाइल पर कॉल कर महिला को सूचना दी। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने बताया कि बुधवार दोपहर प्लेटफार्म नंबर-1 पर बने एसी पेड वेटिंग हॉल के मैनेजर सुनील ने बताया कि वेटिंग हॉल में महिला यात्री अपना पर्स भूल गई है। इस पर प्रभारी निरीक्षक ने वीडियोग्राफी करते हुए पर्स खुलवाया। पर्स में 35 सौ रुपये, कुछ जेवर, आधार कार्ड, दवाएं व अन्य कागजात थे। डायरी में लिखे नंबर पर कॉल की गई तो दिल्ली निवासी ज्ञानेंद्र ने उठाया। उन्होंने बताया कि पर्स बिहार निवासी रिश्तेदार रागिनी का है, जो कोटा जा रही थीं। बाद में रागिनी ने भी कॉल कर जीआरपी प्रभारी से बात की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पर्स रखवा दिया गया है। महिला के सेंट्रल आने पर पर्स उन्हें सौंप दिया जाएगा।