तेज बारिश से शनिवार शाम भैरोघाट चौराहे से एल्गिन मिल तक वीआईपी रोड पूरी तरह जलमग्न हो गई। जूही खलवा अंडरपास में भी पानी भरने से यातायात घंटों ठप रहा। पानी उतराने से घंटों तक सड़कों पर वाहन रेंगते रहे। मेट्रो की मनमानी के कारण जूही से लेकर गोविंदनगर तक आठ वार्ड जलभराव से तरबतर हो गए। ग्वालटोली, खलासी लाइन, विजयनगर, शास्त्रीनगर सहित शहर से लेकर दक्षिणी क्षेत्र के 50 से ज्यादा मोहल्ले जलमग्न हो गए। बारिश बंद होते ही फजलगंज, शास्त्रीनगर सहित विभिन्न मोहल्लों में जाम लगा। हालांकि, नगर निगम की क्विक रिस्पांस टीमें विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव दूर करने का प्रयास करती रहीं। इस दौरान लाखों लोग घंटों तक दुश्वारियां झेलते रहे। शाम चार बजे के बाद शहरभर में हुई झमाझम बारिश ने नगर निगम के नालों, नालियों की सफाई के दावों की पोल खोल दी।