श्यामनगर स्थित ऑक्सफोर्ड मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित केएसएस इंटर स्कूल वॉलीबॉल टूर्नामेंट में बुधवार को क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मैच हुए। सेमीफाइनल मैच में सीएचएस एजुकेशन सेंटर और एचएएल स्कूल ने जीत के साथ फाइनल में प्रवेश किया। प्रबंधक विजयलक्ष्मी शर्मा, अध्यक्ष आशीष कुमार शर्मा, अक्षत भट्ट, प्रधानार्चा डॉ. राखी सिंह व केएसएस जोन-बी के निरीक्षक सरबजीत सिंह चंढोक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच प्रारंभ करवाए। पहले क्वार्टर फाइनल मैच में एचएएल एजुकेशन सेंटर ने न्यू किंगस्टन स्कूल को 2-0 से मात दी। दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में सीएचएस स्कूल ने सुघर सिंह एकेडमी को 2-0 से पराजित किया। तीसरे क्वार्टर फाइनल मैच में दून इंटरनेशनल ने हीरा लाल पटेल को 2-0 से हराया। वहीं, पहले सेमीफाइनल मैच में सीएचएस एजुकेशन सेंटर ने जेडी एजुकेशन को 2-0 से हराकर फाइनल में स्थान बनाया। दूसरे सेमीफाइनल मैच में एचएएल स्कूल ने दून इंटरनेशनल को 2-0 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मैच गुरुवार को सुबह दस बजे से एचएएल बनाम सीएचएस एजुकेशन सेंटर के बीच खेला जाएगा।