कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंधना में शुक्रवार को सिलिंडर की किल्लत को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। भारत गैस एजेंसी पर कई दिनों से सिलिंडर न मिलने से नाराज लोगों ने जमकर हंगामा किया और एजेंसी परिसर में तोड़फोड़ कर दी। जानकारी के अनुसार उपभोक्ता लगातार कई दिनों से गैस सिलिंडर के लिए एजेंसी के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन उन्हें सिलिंडर नहीं मिल पा रहा था। इससे आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार दोपहर बाद एजेंसी पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते गुस्सा बढ़ गया और कुछ लोगों ने एजेंसी के दफ्तर की दीवार पर ईंट फेंक दी। इसके साथ ही दफ्तर में लगे वाई-फाई का तार भी नोच डाला गया। हंगामे के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मंधना चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।