कोतवाली गंगाघाट के जाजमऊ पुलिस चौकी क्षेत्र के कल्लूपुरवा मोड़ के पास नशेबाजी का विरोध करने पर एक किसान को गोली मार कर घायल कर दिया गया। जिस मामले में सोमवार रात को पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को तमंचे के साथ पकड़ कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है। बता दे कि एक फरवरी रविवार की रात कल्लूपुरवा निवासी ओमप्रकश अपने बेटे और बहू के साथ एक कार्यक्रम से होकर घर को लौट रहे थे तभी गांव के मोड़ के पास चार लोग मिले और उनसे नशेबाजी करने लगे जिसका उन्होंने विरोध किया तो एक युवक ने उन पर फायर झोंक दिया जिससे गोली गले और कंधे के बीच जा गली जिससे वह घायल हो गए। घायल की पत्नी जानकी देवी की तहरीर पर पुलिस ने शिवम, विशाल, कल्लू, बुद्धिलाल के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार रात मुखबिर की सूचना पर जाजमऊ के चंदन घाट ढ़ाल के पास से शिवम निवासी गुर्री पुरवा व विशाल निवासी कल्लू पुरवा को पकड़ लिया गया जिनके पास 315 बोर का तमंचा बरामद किया गया जो घटना में प्रयुक्त किया गया। वहीं शेष अन्य दो आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है।