मंधना से जरीब चौकी तक बनने वाले एलिवेटेड ट्रैक का डिजाइन बदलने की मांग के समर्थन में बुधवार को जरीब चौकी बाजार के व्यापारियों ने बाजार बंद रखा। जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया गया। बाजार बंदी से करीब छह करोड़ का कारोबार प्रभावित रहा। व्यापारियों ने कहा कि डिजाइन न बदलने से सालाना दो हजार करोड़ के कारोबार वाला बाजार खत्म हो जाएगा। व्यापारियों ने ओवरब्रिज को टी टाइप का बनाने की मांग रखी। जरीब चौकी व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय मिश्र की अगुवाई में व्यापारियों ने बाजार बंद रखा। व्यापारियों ने कहा कि एलिवेटेड ट्रैक का जो डिजाइन बनाया जा रहा है, उससे बाजार पर सीधा असर पड़ेगा। व्यापारियों ने कहा कि जरीब चौकी क्रॉसिंग में ओवरब्रिज बनने से एक हिस्से के जरीब चौकी बाजार की तरफ आने से जरीब चौकी व संगीत टाकीज का बाजार खत्म हो जाएगा। मंधना से जरीब चौकी तक एलिवेटेड ट्रैक बनने पर इसे जरीब चौकी क्राॅसिंग से 300 मीटर आगे बढ़ाकर खोला जाए या इस क्रॉसिंग पर बनने वाले ओवरब्रिज को टी टाइप बनाकर जरीब चौकी बाजार की तरफ न लाया जाए।