ककवन थाना क्षेत्र के जोगिनडेरा गांव में गुरुवार की शाम लगभग पांच बजे निचली गंग नहर में भैंसों को नहलाते समय गांव की तीन किशोरियों गहराई में जाने से डूब गईं। वहां मौजूद चरवाहों ने दो को सकुशल नहर से निकाल लिया। एक किशोरी का पता नहीं चल सका। पुलिस नहर में जाल डलवाकर डूबी किशोरी की तलाश करा रही है। उधर, किशोरी का सुराग न लगने से परिजनों में कोहराम मचा है। जोगिनडेरा गांव के पास से ही निचली गंग नहर निकली है। गुरुवार की शाम गांव निवासी महेंद्र नाथ की पुत्री प्रतिज्ञा (11), इंद्रकुमार की पुत्री राशि (10) और किशोरनाथ की पुत्री ताजगी (12) अपनी भैंस व बकरियों को लेकर नहर के पास चराने गईं थी। बारिश होने से भैंसों के कीचड़ लगने से तीनों किशोरियां उन्हें नहर में नहलाने लगीं। गहराई में जाने से तीनों डूबने लगीं।