किदवईनगर पुलिस ने एसबीआई की एटीएम मशीन में डिवाइस लगाकर लाखों की चपत लगाने वाले गिरोह के दो अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मंधना के बगदौधी बांगर निवासी हर्ष कटियार और बिठूर के होरा कछार गंगापुर निवासी पंकज राठौर के रूप में हुई है। इनके पास से दो एटीएम, वारदात में प्रयुक्त बाइक व 750 रुपये बरामद हुए हैं। दोपहर बाद पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। हाल ही में पुलिस ने गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। डीसीपी क्राइम आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि कुछ दिन पहल एसबीआई प्रबंधन ने बिना मशीन को नुकसान पहुंचाए रुपये निकलने की शिकायत की। जांच में पता चला कि शातिर किदवईनगर, कल्याणपुर, नौबस्ता, रावतपुर समेत शहर के अन्य सुनसान इलाके में बिना सुरक्षा वाले एसबीआई के एटीएम को निशाना बना रहे थे। सभी एटीएम के सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए तो शातिर कार व बाइक से वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दिए।