गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के सहजनी निवासी विकास गुप्ता (45) और उनकी बेटी वेदिका (13) का शव सोमवार की रात सहजनी रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रैक पर पड़ा मिला था। दोनों के ट्रेन से कटकर आत्महत्या की बात सामने आई थी। इस मामले में विकास गुप्ता के भाई शिवम की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार को विकास की पत्नी सैफाली गुप्ता समेत ससुराल के पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उधर, गुरुवार को भाई शिवम ने प्रेस वार्ता कर भाई और भतीजी की मौत के मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और परिवार की सुरक्षा की मांग उठाई। साथ ही कहा कि भाई की संपत्ति को सरकार अपने कब्जे में ले। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। मालूम हो कि सहजनी निवासी विकास गुप्ता ने बेटी वेदिका के साथ सोमवार की रात सहजनी रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन से कटकर जान दे दी थी। दोनों को क्षत-विक्षत शव ट्रैक पर पड़ा मिला था। विकास गुप्ता के पास मिले सुसाइड नोट में आत्महत्या के लिए पत्नी शैफाली व उसके परिवार के लोगों को जिम्मेदार ठहराया गया था। इस मामले में पुलिस ने मृतक विकास के भाई शिवम की तहरीर पर मृतक की पत्नी शैफाली, सास सुमन, ससुर राकेश साले यश व शशांक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की थी। लेकिन अभी तक एक भी आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा।