एसडीएम सदर क्षितिज द्विवेदी ने तीन दिन पहले नवीन गंगा पुल मोड़ के पास स्थित नवीन टेंपो अड्डे का निरीक्षण कर पोनी रोड तिराहे से अवैध टेंपो अड्डा यहां शिफ्ट करने का निर्देश दिया था। इसके बाद भी अभी तक टेंपो अड्डा शिफ्ट नहीं किया गया। ऐसे में रोजाना पोनी रोड तिराहे पर सुबह से शाम तक कई बार रूक-रूक कर जाम लगता है, जिससे लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतें हो रही हैं। पोनी रोड तिराहे पर काफी दिनों से अवैध टेंपों अड्डा संचालित हो रहा है। टेंपो, ऑटो व ई-रिक्शों के बेतरतीब खड़े होने से यहां रोजाना दिन में कई बार जाम लगता है। लोगों का कहना है कि जब कोई वीआईपी आता है तो पुलिस टेंपो और ई-रिक्शों को हटवाकर नवीन अड़्डे पर खड़ा करा देती है, लेकिन बाद में समस्या जस की तस हो जाती है। वहीं, तीन दिन पहले एसडीएम सदर ने नवीन गंगा पुल के पास नवीन टेंपो अड्डा का निरीक्षण कर पोनी रोड तिराहे का टेंपो अड्डा शिफ्ट करने का निर्देश दिया था, लेकिन इस पर अभी तक अमल नहीं हो सका है। उधर, एसडीएम सदर क्षितिज द्विवेदी ने बताया कि नवरात्र के बाद इस मामले में कार्रवाई होगी।