बारिश के बीच सड़कों पर खुलेआम घूम रहे गोवंश राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बने हुए हैं। मंधना से कुरसौली टिकरा मार्ग पर एक मैदा मिल के सामने गुरुवार को एक दर्जन से अधिक गोवंश बारिश में भीगते हुए सड़क पर घूमते नजर आए। इससे वाहन चालकों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के बीचोंबीच घूमने वाले गोवंशों की वजह से इस मार्ग पर आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। खासकर बारिश के दौरान दृश्यता कम होने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। हैरानी की बात यह है कि आसपास दो गौशालाएं संचालित होने के बावजूद बड़ी संख्या में गोवंश खुले में घूम रहे हैं। ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से गोवंशों को गौशालाओं में सुरक्षित पहुंचाने और सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।