कानपुर। गंगा बैराज के आसपास शनिवार को आई तेज आंधी और बारिश का असर साफ दिखाई दिया। बैराज की ओर स्थित कई मैगी पॉइंट की अस्थायी दुकानों को तेज हवाओं ने नुकसान पहुंचाया। आंधी इतनी तेज थी कि कई दुकानों के टिन शेड और तिरपाल उड़ गए, जबकि कुछ दुकानों के ढांचे तक क्षतिग्रस्त हो गए। अचानक आए इस मौसम परिवर्तन के चलते दुकान संचालकों को अपनी दुकानों को संभालने का मौका तक नहीं मिल पाया। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, शाम के समय ग्राहकों की आवाजाही के बीच तेज हवा और बारिश शुरू हो गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। कई दुकानदारों ने किसी तरह सामान समेटकर खुद को सुरक्षित किया, लेकिन तब तक दुकानों को नुकसान हो चुका था।