गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के आजाद मार्ग पर महेश खेड़ा गांव के मोड़ के पास शनिवार की सुबह तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। कानपुर के उर्सला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है। उधर, युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। गड़रियनपीपरखेड़ा गांव निवासी शुभांकित (26) पुत्र धर्मेंद्र पाल शनिवार की सुबह बाइक से मरहला चौराहे से घर लौट रहा था। महेश खेड़ा गांव के मोड़ के पास पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां मौजूद लोगों ने पीछाकर पिकअप को चालक समेत पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस व परिजन मौके पर पहुंचे। घायल को राजधानी मार्ग स्थित एक नर्सिंग होम में ले गए, वहां से उर्सला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उर्सला अस्पताल में इलाज के दौरान शुभांकित की मौत हो गईं। युवक की चार साल पहले शादी हुईं थी और वह खेती बाड़ी का काम करता था। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि पिता धर्मेंद्र पाल की तहरीर पर पिकअप चालक नईम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।