उड़ीसा से गांजा लाकर शहर में बेचने वाले तस्कर को पुलिस ने मंगलवार को साकेतनगर में सप्लायर महिला को सप्लाई करते समय धर दबोचा। उसके पास से करीब चार लाख रुपये कीमत का बीस किलो गांजा बरामद किया गया है। पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए तस्कर सूटबूट पहनकर हाईप्रोफाइल मानी जाने वाली तेजस ट्रेन से महंगे सूटकेस में गांजा रखकर लाया था। मंगलवार को डीसीपी क्राइम आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़ा गया तस्कर उड़ीसा के गंजाम जिले के बुगुडा थानाक्षेत्र के बुगुडा गोलाबंडा गांव निवासी श्रीतम स्वाई है। वह मंगलवार को उड़ीसा से तेजस ट्रेन में महंगे सूटकेस में गांजा भरकर लाया था। मुखबिरों की सूचना पर स्वाट और किदवईनगर पुलिस की टीम ने उसका पीछा किया। स्टेशन से बाहर निकलने के बाद तस्कर ऑटो में बैठकर डब्लू वन साकेतनगर पहुंचा। यहां उसने पिंकी नामक महिला को गांजा सप्लाई किया। उसी समय पुलिस की टीम ने तस्कर और पिंकी को गिरफ्तार कर लिया।