गंगा बैराज मार्ग पर निर्माणाधीन सरैया आरओबी के रेलवे के हिस्से पर लोहे के गर्डर डाले जाने का कार्य खत्म होने के बाद बुधवार को लखनऊ से आए रेल ब्रिज एक्सईएन अनिल यादव की देखरेख में आरओबी के दोनों छोर पर 18 लोहे के सपोर्टिंग एंगल लगाने का कार्य शुरू करा दिया गया है। बताया गया कि पूरा कार्य खत्म होने में अभी दो माह का वक्त और लगेगा। इसके बाद रेलवे के हिस्से वाला आरओबी सेतु निगम को हैंडओवर किया जाएगा। एक्सईएन ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर आठ लोहे के गर्डर रखने का कार्य सरैया रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर कराया गया। बुधवार से आरओबी के दोनों छोर पर सर्पाेर्टिंग लोहे के एंगल लगाने का कार्य शुरू कराया गया, जिसे दो दिन में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद ऊपरी हिस्से पर लोहे की मोटी चादर फिर सरियों के जाल बिछाने के बाद उसमें क्रंक्रीट डालने के बाद डामरीकरण का कार्य होगा। इससे पहले गंगा बैराज और मरहला छोर लोहे के गर्डर रखने का कार्य कराया जाएगा। 16 गर्डर दोनों तरफ डाले जाएंगे। एक छोर 43 तो दूसरे मरहला मार्ग छोर 37 मीटर लंबे गर्डर डालने का कार्य होगा। पूरा काम खत्म होने के बाद ही सेतु निगम को हैंडओवर किया जाएगा।