सरैया रेलवे क्रॉसिंग मार्ग पर निर्माणाधीन आरओबी पर बुधवार को रेलवे की कार्यदायी एजेंसी ने सुबह से शाम तक गर्डर रखने का कार्य कराया। इस कारण मंगलवार देर रात 11:30 से बुधवार शाम पांच बजे क गंगा बैराज-सरैया मार्ग को बंद रखा गया। ऐसे में लोगों को काफी दिक्कतें रहीं। वहीं रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे पुलिस के तैनात न होने के कारण लोग जान जोखिम डालकर बाइक से शार्टकट तरीके से निकलते रहे। रेलवे की कार्यदायी एजेंसी गिरिराज कंट्रक्शन कंपनी के सुपरवाइजर बलराम यादव ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग के आसपास आने जाने वाले मार्ग पर रस्सा, लोहे के एंगल आदि डालकर रोड ब्लॉक कर दिया गया। रात भर गर्डर को व्यवस्थित किया गया। सुबह सात से शाम पांच बजे के बीच दिल्ली से लाई गई क्रेन की मदद से दो और गर्डर रखने का कार्य किया गया। बताया कि अब तक कुल छह गर्डर गंगा बैराज मार्ग छोर रखे जा चुके है, दो और गर्डर यहां रखे जाने है। इसके लिए फिर से रोड ब्लॉक लिया जाएगा। वहीं इस कारण कानपुर-उन्नाव आने- जाने वाले वाहनों को ट्रांस गंगा सिटी गेट से सहजनी होकर डायवर्ट किया गया।